ईडी की घी व्यापारी के ठिकानों पर अचानक छापेमारी,हड़कंप

बीकानेर, 03 जून (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में प्रसाद से जुड़े मामले में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बीकानेर में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंची। यहां टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ईडी के अधिकारियों ने शहर की प्रसिद्ध ‘कोयला गली’ स्थित नामचीन घी व्यापारी ‘मोहनलाल आशीष कुमार अग्रवाल’ के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। सुबह-सुबह हुई इस बड़ी रेड से प्रदेश के पूरे व्यापारिक जगत और शहर में हड़कंप मच गया।

मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद (लड्डू) से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर की गई। आरोप है कि बीकानेर की इस संबंधित फर्म ने तिरुपति मंदिर में प्रसाद बनाने के लिए घी की सप्लाई की थी। पिछले दिनों तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट को लेकर देशव्यापी विवाद खड़ा हुआ था, और आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले में वित्तीय गड़बड़ियों और सप्लाई चेन की जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी ने यहां दस्तक दी है। ईडी के अधिकारी व्यापारी के दफ्तर और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों, कंप्यूटर हार्डडिस्क और बैंक खातों की गहनता से छानबीन कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जब ईडी की टीमें कोयला गली स्थित व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचीं, तो केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया। इस बड़ी कार्रवाई की भनक जब स्थानीय कोटगेट थाना पुलिस को लगी, तो वे भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, ईडी के उच्चाधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया और उन्हें मौके से तुरंत वापस भेज दिया। सुरक्षा के लिहाज से परिसर के बाहर केवल केंद्रीय सुरक्षा घेरा ही तैनात रखा गया है ताकि जांच की गोपनीयता बनी रहे।

अब महज 5 महीने के भीतर दूसरी बड़ी केंद्रीय जांच एजेंसी (ईडी) की एंट्री ने इस मामले को बेहद गंभीर बना दिया है। माना जा रहा है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही ईडी इस मामले में कोई आधिकारिक खुलासा करेगी कि तिरुपति मंदिर घी सप्लाई मामले में इस फर्म की भूमिका कितनी गहरी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर