चार माह के बेटे को एसिड पिलाने के बाद मां ने भी दी जान

सूरत, 02 जून (हि.स.)। सूरत के सरथाणा क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। योगी चौक के निकट स्थित एक आवासीय सोसायटी में रहने वाली 29 वर्षीय महिला ने अपने चार महीने के बेटे को कथित रूप से एसिड पिलाने के बाद स्वयं भी एसिड पी लिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मां और मासूम बच्चे दोनों की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार महिला मूल रूप से अमरेली जिले के धारी तहसील की रहने वाली थी और विवाह के बाद अपने परिवार के साथ सूरत में रह रही थी। कुछ महीने पहले ही उसने एक पुत्र को जन्म दिया था। परिजनों के मुताबिक प्रसव के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह उपचाराधीन थी। पिछले कुछ दिनों से उसने भोजन करना भी लगभग बंद कर दिया था, जिससे परिवार के सदस्य चिंतित थे।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम महिला अपने चार महीने के बेटे को लेकर सोसायटी के ग्राउंड फ्लोर स्थित शौचालय में गई थी। वहां उसने पहले बच्चे को एसिड पिलाया और बाद में स्वयं भी एसिड पी लिया। कुछ समय बाद घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया की महिला लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार ले रही थी। हालांकि, इस दुखद घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और प्रसव के बाद उत्पन्न मानसिक तनाव या अवसाद की इसमें कितनी भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।

इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर