शांति और भाईचारे के साथ मनेगी बकरीद, उपद्रवियों पर जिला प्रशासन की रहेगी पैनी नजर

कटिहार, 23 मई (हि.स.)। आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को जिले में आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और पूर्ण शांति के साथ मनाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी (कटिहार सदर) ने बताया कि इस वर्ष बकरीद का त्योहार 28 मई से 30 मई तक मनाए जाने की संभावना है। इस दौरान तीन दिनों तक कुर्बानी की परंपरा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों और दंडाधिकारियों को दो समुदायों की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

एसपी ने बैठक में सख्त लहजे में कहा कि सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह का तुरंत खंडन किया जाएगा और दोषी व्यक्तियों पर त्वरित कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदार व दफादार को तैनात करने और थानाध्यक्षों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर गश्ती करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, पुलिस उप-अधीक्षक यातायात को सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को आपस में समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों, मस्जिदों या ईदगाहों में सामूहिक नमाज अदा की जानी है, वहां जाने वाले रास्तों पर विशेष नजर रखी जाए ताकि कोई शरारती तत्व तनाव पैदा न कर सके। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा गया है।

बैठक में उपस्थित महापौर उषा देवी अग्रवाल और उप महापौर मंजूर खान ने जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि कटिहार हमेशा से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की मिसाल रहा है और इस बार भी बकरीद आपसी सौहार्द के साथ संपन्न होगी।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्षों के साथ-साथ शांति समिति के सभी सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर