जयपुर और सवाई माधोपुर में खुलेंगे बिजली विभाग के नए कार्यालय

जयपुर, 01 जून (हि.स.)। राज्य सरकार ने जयपुर और सवाई माधोपुर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में विद्युत सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत चार नए सहायक अभियंता (विद्युत) कार्यालय खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

इन नए कार्यालयों के शुरू होने से पृथ्वीराज नगर-उत्तर, पृथ्वीराज नगर-दक्षिण, नारायण विहार और सवाई माधोपुर के टोडरा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। साथ ही बिजली से जुड़ी शिकायतों और तकनीकी समस्याओं का समाधान अब पहले की तुलना में अधिक तेजी से हो सकेगा। राज्य सरकार ने इन कार्यालयों के संचालन के लिए सहायक अभियंता के चार नए पदों के सृजन को भी स्वीकृति प्रदान की है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार जयपुर शहर के कई नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। ऐसे में विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

नए कार्यालय खुलने से विद्युत तंत्र का भार कम होगा और उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

नवसृजित नारायण विहार और पीआरएन (उत्तर) विद्युत सब डिवीजन को जयपुर नगर वृत्त (उत्तर) सर्किल के सीडी प्रथम खंड के अंतर्गत रखा गया है, जबकि पीआरएन (दक्षिण) कार्यालय को जयपुर नगर वृत्त दक्षिण के सीडी-6 क्षेत्राधिकार में शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इन नए कार्यालयों को खोलने की घोषणा बजट 2026-27 के दौरान की गई थी। इसके बाद वित्त विभाग ने प्रस्ताव को मंजूरी दी और अब जयपुर डिस्कॉम की ओर से कार्यालय खोलने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का उद्देश्य है कि आम उपभोक्ताओं को सरकारी सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकें। इसी सोच के तहत बिजली विभाग के नए कार्यालय खोले जा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की पहल पर पिछले ढाई वर्षों में जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में कई नए ओएंडएम सब डिवीजन और सहायक अभियंता कार्यालय खोले जा चुके हैं।

इनमें पत्रकार कॉलोनी, शिकारपुरा, मुहाना मंडी, एनआरआई, शालीमार चौराहा, माधोराजपुरा, रीको रानपुर और खातोली जैसे क्षेत्रों में नए कार्यालय शामिल हैं। इसके अलावा सीतापुरा और कठूमर में अधिशाषी अभियंता कार्यालय तथा जालूकी में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय भी स्थापित किए जा चुके हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर