रामानुजगंज: जल संसाधन विभाग में 8 करोड़ से अधिक शासकीय राशि गबन मामले में आरोपितों का सहयोगी गिरफ्तार
- Admin Admin
- Mar 01, 2025

बलरामपुर , 1 मार्च (हि.स.)। रामानुजगंज पुलिस ने शासकीय राशि गबन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रामानुजगंज जल संसाधन विभाग क्रमांक 2 में 8 करोड़ 87 लाख 54 हजार 524 रुपए की शासकीय राशि गबन के मामले में आरोपितों के सहयोगी योगेश्वर स्वरूप भटनागर को आज शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया । जहां उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
रामानुजगंज पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2023 को जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एनसी सिंह की शिकायत पर तत्कालीन एसडीओ संजय कुमार ग्रायकर, वरिष्ठ लेखा लिपिक मिथलेश कुमार पांडेय और डेटा एंट्री ऑपरेटर नीरज अभिषेक एक्का के खिलाफ रामानुजगंज पुलिस ने केस दर्ज था । आवेदन में कहा गया था कि संभागीय अधिकारियों के द्वारा भू-अर्जन की राशि को व्यक्तिगत खातों में गैर नियमावली व अनियमित तरीके से राशि का समायोजन किया गया।शासकीय राशि कुल 8 करोड़ 87 लाख 54 हजार 524 रुपये निजी खातों में डाले गए। जिसके बाद रामानुजगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 72/2023 धारा 420,467,468,471,409,120 (बी) भादवि पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।
जिसके बाद फरार चल रहे तीनों आरोपितों को इससे पूर्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में आगे की विवेचना जारी थी। जिसके बाद गबन मामले में आरोपितों का सहयोगी योगेश्वर स्वरूप भटनागर जो अपने व्यक्तिगत खाते में गबन की राशि एक करोड़ 56 लाख रुपए को हस्तांतरित कराया था और कई वर्षों से फरार चल रहा था। सूचना पर रामानुजगंज पुलिस ने अंबिकापुर से उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित के खिलाफ सबूत पाए जाने एवं उसके द्वारा गबन मामले में भागीदारी स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया ।
इस कार्रवाई में रामानुजगंज थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, एएसआई अतुल दुबे, हेड कांस्टेबल नारायण तिवारी, हेड कांस्टेबल मायापति सिंह, जगमोहन तिर्की का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा