जींद : भाजपा में प्रशिक्षण से अनुशासित व समर्पित कार्यकर्ताओं का हाेता है निर्माण : मोहन लाल बड़ौली

जींद, 17 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नही बल्कि राष्ट्र सेवा और अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित संगठन है। जिसने अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण और अनुशासन के बल पर देशभर में मजबूत पहचान बनाई है। भाजपा का इतिहास संघर्ष, सेवा और राष्ट्रहित के संकल्प से जुड़ा हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, मंत्री कृष्ण बेदी व अन्य नेता भी शामिल रहे। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा के वर्तमान स्वरूप तक की यात्रा पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य किया है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों के विचार आज भी भाजपा की कार्यशैली का आधार हैं। भाजपा ने कार्यकर्ता आधारित संगठन के रूप में अपनी पहचान बनाई है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण और संगठनात्मक विकास का मंच है। दो दिन तक सभी कार्यकर्ता एक साथ रहे, जिससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय विकसित हुआ। ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ संगठन के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करते हैं। बड़ौली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करें। संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना ही भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रदेश सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं और जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने वैश्विक परिदृश्य और भारत की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार रखे।

---------------

   

सम्बंधित खबर