जोधपुर पहुंची कर्मचारी जागृति यात्रा

जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में दौसा से प्रारंभ हुई कर्मचारी जागृति यात्रा राजस्थान के विभिन्न जिलों का भ्रमण करते हुए शुक्रवार को जोधपुर पहुंची।

इस अवसर पर रातानाडा भाटी चौराहा स्थित ड्राइवरों की प्याऊ सभागार में एक कर्मचारी सभा का आयोजन किया गया। सभा में जोधपुर जिले के समस्त पदाधिकारी, संगठन के सदस्य, कर्मचारी एवं पेंशनर मौजूद रहे। इस दौरान कर्मचारियों की मांगों को लेकर चर्चा की गई।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में आरजीएचएस की जटिलताओं को समाप्त करना एवं इसे निजी बीमा कंपनियों के हाथों सौंपने का विरोध, समर्पित अवकाश का लंबित भुगतान शीघ्र प्रारंभ करना, संविदा एवं निविदा कर्मचारियों को नियमित कर कर्मचारी का दर्जा देना तथा सरकार को सत्ता में आने के समय प्रस्तुत किए गए 25 सूत्रीय मांग पत्र पर शीघ्र कार्रवाई करना शामिल है।

महासंघ का कहना है कि 25 सूत्रीय मांग पत्र में कर्मचारियों एवं पेंशनरों के सभी वर्गों की समस्याओं और मांगों को शामिल किया गया है। इनमें आंगनबाड़ी कर्मचारियों, समाज कल्याण विभाग के रसोइयों एवं चौकीदारों, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों को नियमित कर कर्मचारी का दर्जा देना, मंत्रालयिक कर्मचारियों को प्रथम एसीपी में ग्रेड पे 2800 के स्थान पर 4200 देना, समयबद्ध पदोन्नति, वाहन चालकों के रिक्त पद भरना तथा रोडवेज को राज्य सरकार के विभाग का दर्जा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर