इंजीनियर के घर में घुसकर मारपीट के मामले में 12 आरोपितों पर केस दर्ज
- Admin Admin
- Mar 21, 2025

मुरादाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी इंजीनियर दिशांक दक्ष उर्फ दिशी न्यायालय में वाद दर्ज कर सात नामजद और पांच अज्ञात आरोपितों पर घर में घुसकर मारपीट की। 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया था। न्यायालय के आदेश पर थाना पुलिस ने शुक्रवार को सात नामजद और पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दिशांक की तहरीर के आधार पर व कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में आरोपित भटावली निवासी लेखराज सिंह, राहुल, मानवी सिंह, मोनू, राजवीर सिंह, जयपाल, डालचंद्र गोला और पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि एक दिसम्बर 2024 की दोपहर करीब एक बजे आरोपी उनके घर में घुस आए। उन्होंने आते ही अभद्रता की। विरोध करने पर इंजीनियर और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। आरोपितों ने धमकी दी कि वह मानवी को 50 लाख रुपये देकर तलाक दे। अगर उनकी बात नहीं मानी तो घर में आग लगाकर पूरे परिवार को मार देंगे। इंजीनियर का कहना है कि उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। यह पूरी घटना उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद है।
क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर आज केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल