धमतरी जिले के में गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने वाले संस्थाओं का हो रहा मूल्यांकन

धमतरी, 10 फ़रवरी (हि.स.)।जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र देने के लिए मूल्यांकन चल रहा है। जिसमें केंद्रीय टीम प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर मूल्यांकन कर रही है।

जिला सलाहकार श्वेता स्वर्ण ने आज बताया कि जिला कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देश पर मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डा यू एल कौशिक, डीपीएम प्रियंका कंवर, सिविल सर्जन डा ए के टोंडर, जिला अस्पताल के सलाहकार गिरीश कश्यप के मार्गदर्शन और प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ के सहयोग से आम नागरिकों को गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने का काम लगातार कर रहे है। केंद्र सरकार द्वारा सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं का गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए आंकलन कर मूल्यांकन किया जाता है।

यह मूल्यांकन चार स्तरों में किया जाता है। जिसमें पहले संस्था अपने स्तर पर मूल्यांकन करती है। इसके बाद जिला स्तर पर, फिर राज्य स्तर पर और अंतिम में राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्र की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाता है। स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यांकन के लिए केंद्रीय टीम प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से गुणवत्ता का आंकलन कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छह और उप स्वास्थ्य केंद्र में 12 सेवाओं की गुणवत्ता का आंकलन किया जा रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्र सिवनीकला के स्वास्थ्य सेवाओं का 11 फरवरी को केंद्रीय टीम मूल्यांकन करेगी। इसके पूर्व चार फरवरी को विकासखंड कुरूद के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र अटंग की 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन वर्चुअल माध्यम (वीडियो कान्फ्रेंसिंग) से किया गया।

इस दौरान रोहित पाण्डेय बीपीएम, संजय साहू ब्लाक नोडल,राजेश भतपहरी सहायक नोडल, सीएचओ दुर्गेश्वरी साहू, आरएचओ अनुराधा ध्रुव,गीतेश साहू, पुष्पेंद्र साहू बीडीएम, समस्त मितानिन सहित सिर्री सेक्टर विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे। पीएचसी आमदी के छह स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन: आयुष्मान आरोग्य मंदिर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमदी में सात और आठ फरवरी को केंद्रीय टीम ने छह प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया। जिसमें सामान्य रोगों के लिए बाह्य रोगी देखभाल प्रबंधन, प्रसव पूर्व देखभाल एवं प्रसव सेवाएं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, आंतरिक रोगी विभाग और अस्पताल की अन्य सेवाओं शामिल है। इस दौरान राष्ट्रीय मूल्यांकर्ता के रूप में डा हेमलता बच्चन और डा राजेश पटेल सहित जिले और संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी - कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर