दो साल बाद स्वर्ग के देवता भी गुवाहाटी को देखकर ठहर जाएंगे : प्रद्युत बरदलै

गुवाहाटी, 03 जून, (हि.स.)। गुवाहाटी को एक हरित और आकर्षक महानगर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से विधायक प्रद्युत बरदलै ने कहा है कि आगामी दो वर्षों में शहर की सुंदरता ऐसी होगी कि “स्वर्ग के देवता भी गुवाहाटी को देखकर ठहर जाएंगे।”

विधायक ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए गुवाहाटी के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक लाख एजार और कचनार के पौधे लगाने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस व्यापक वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से शहर के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के साथ-साथ इसकी प्राकृतिक सुंदरता को भी नई पहचान दी जाएगी।

बरदलै ने बताया कि गुवाहाटी को “पर्पल सिटी” के रूप में विकसित करने की दिशा में यह विशेष पहल की जा रही है। उनका मानना है कि बड़े पैमाने पर लगाए जाने वाले फूलदार वृक्ष शहर को एक विशिष्ट और आकर्षक स्वरूप प्रदान करेंगे।

उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गुवाहाटी को स्वच्छ, हरित और सुंदर शहर के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।

-----------

   

सम्बंधित खबर