पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी तृणमूल नेता के घर से नकदी, हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद
- DSS Admin
- May 27, 2026
उत्तर 24 परगना, 27 मई (हि. स.)। जिले के मछलंदपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक प्रभावशाली नेता के घर से भारी मात्रा में नकदी, हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। अजीत साहा और उनके भाई सुजीत कुमार साहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अजीत साहा को राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का करीबी माना जाता है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात गोबरडांगा थाना की पुलिस ने मछलंदपुर स्थित अजीत साहा और उनके भाई के घर पर छापेमारी की। लंबे समय तक चली तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से 27 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की। इतनी बड़ी रकम घर में क्यों रखी गई थी और उसका स्रोत क्या था, इस संबंध में दोनों आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने तलाशी के दौरान घर से कुल 626 राउंड गोलियां, 61 खाली कारतूस, एक 7-एमएम पिस्तौल और एक एयरगन भी बरामद की। इसके अलावा 52 बोतल विदेशी शराब भी जब्त की गई हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद हथियार, गोलियां और नकदी के संबंध में भी आरोपित स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
छापेमारी के बाद दोनों को मंगलवार रात ही गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। बुधवार को उन्हें बारासात अदालत में पेश किया गया।
अदालत ले जाते समय मीडिया से बातचीत में सुजीत साहा ने दावा किया कि उन्हें केवल तृणमूल कांग्रेस से जुड़े होने के कारण फंसाया गया है। अजीत साहा ने भी खुद को निर्दोष बताया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपितों की 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।
बताया गया है कि दोनों के खिलाफ वसूली, धमकी और 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े आरोप पहले से मौजूद थे।
---------------

