बर्नपुर में 50 साल पुराने ख्याली क्लब पर चला बुलडोजर

पश्चिम बर्दवान, 01 जून (हि. स.)। सेल आईएसपी (बर्नपुर) के नगर सेवा विभाग की ओर से सोमवार को एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बर्नपुर क्षेत्र के चर्चित और लगभग 50 वर्ष पुराने ख्याली क्लब को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। क्लब को तोड़े जाने के बाद सदस्यों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 1963 में स्थापित ख्याली क्लब लंबे समय से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। क्लब की ओर से छठ पूजा, दुर्गा पूजा सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सेवा शिविर लगाए जाते रहे हैं। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों की सहायता और अन्य सामाजिक कार्यों में भी क्लब की सक्रिय भूमिका रही है।

क्लब से जुड़े राजेश पांडे ने सेल आईएसपी प्रबंधन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रबंधन चुनिंदा संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि ख्याली क्लब का किसी राजनीतिक पार्टी या प्रभावशाली व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है, इसलिए उसे निशाना बनाया गया है। आसपास के कुछ अन्य क्लब, जिनके राजनीतिक संपर्क हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ख्याली क्लब वर्षों से समाज सेवा में लगा हुआ है और ऐसे क्लब को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के तोड़ देना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस कार्रवाई से क्लब के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है।

इधर, अपर रोड स्थित एनडीसी क्लब पर भी नगर सेवा विभाग की टीम बुलडोजर अभियान चलाने पहुंची थी। हालांकि क्लब के सदस्यों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि उन्हें क्लब का ढांचा स्वयं हटाने के लिए कुछ समय दिया जाए। सदस्यों के अनुरोध पर अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सोमवार शाम तक का समय दे दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद टीम वहां से लौट गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर