भीषण गर्मी के बीच पांच दिनों से ठप है आपूर्ति
हमीरपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कस्बे में पिछले पांच दिनों से गहराए बिजली और पेयजल संकट से नाराज मोहल्लावासियों का सब्र का बांध सोमवार को आखिरकार टूट गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच बूंद-बूंद पानी को तरस रहे वार्ड संख्या 19 सिचौली पुरवा के दर्जनों पुरुषों और महिलाओं ने नेशनल हाईवे-34 पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने रश्मि पेट्रोल पंप के पीछे सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों यातायात बाधित रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय नागरिक बी.डी. श्रीवास ने बताया कि पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। मोहल्लावासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर क्षेत्र के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार उपेक्षा किए जाने के कारण ही उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा है। हाईवे पर चक्काजाम और भारी हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडे और कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संबंधित विभाग को समस्या के तत्काल निवारण के निर्देश दिए गए। त्वरित समाधान का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
---------------

