फाइलेरिया संक्रमण जानने के लिए प्रदेश के 27 जनपदों में होगा सर्वे

लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अंतिम दौर में है। 13 जून से 27 जनपदों में शुरू होने जा रहा नाइट ब्लड सर्वे (एनबीएस) तय करेगा कि अगले साल फरवरी में कितने जनपदों में फाइलेरिया रोधी सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इसलिए इस बार के नाइट ब्लड सर्वे को सभी टीमों को बेहद गंभीरता से करना होगा। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुधवार को इन जिलों के जिला मलेरिया अधिकारियों व स्टाफ के साथ आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि नाइट ब्लड सर्वे कराने का उद्देश्य यह तय करना है कि उस ब्लाक (प्लानिंग यूनिट) में माइक्रो फाइलेरिया का कितना प्रभाव है और अंतिम एमडीए कराने से क्या फर्क पड़ा है। जिस ब्लॉक या प्लानिंग यूनिट्स के गांव में संक्रमण एक प्रतिशत से कम पाया जाएगा वह ब्लॉक ही प्री ट्रांसमिशन एसेसमेंट सर्वे (टास) में जाएगा। एक प्रतिशत से अधिक संक्रमण पाए जाने पर पूरा ब्लॉक अगले एमडीए में जाएगा।

डॉ. चौधरी ने बताया कि इन 27 जनपदों के चयनित प्रत्येक ब्लाक में एक सेंटिनल (स्थाई) और दो रेंडम (औचक) गांव चुने जाएंगे जहां 10 बजे रात के बाद कुल 300 लोगों का ब्लड सेंपल एकत्रित किया जाएगा और उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में पाजिटिव पाए जाने वाले लोगों को सूचित किया जाएगा और उन्हें फाइलेरिया रोधी दवा आइवरमेक्टिन व डीईसी खिलाई जाएगी। यह सेंपल 20 साल से अधिक उम्र वालों का ही लिया जाएगा। मेहमानी में आए लोगों का सेंपल नहीं लेना है।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी ने निर्देशित किया है कि जिस भी गांव में नाइट ब्लड सर्वे करने जा रहे हैं वहां पहले खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) और प्रधान के साथ बैठक करें और उनके सहयोग से ही नाइट ब्लड सर्वे करें तभी लोग एकत्रित होंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) व पंचायतीराज विभाग का भी सहयोग लेने की हिदायत दी।

इन जनपदों में होगा सर्वे

औरेया, बहराइच, बलरामपुर, बस्ती, चंदौली, देवरिया, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोण्डा, गोरखपुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, महराजगंज, मिर्जापुर, रायबरेली, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती और सुल्तानपुर हैं।

   

सम्बंधित खबर