फरीदाबाद : बेटी को परेशान करने से रोका तो युवक ने कर दी पिता की हत्या

फरीदाबाद, 15 मई (हि.स.)। अपनी बेटी को परेशान करने वाले युवक का विरोध करने का खमियाजा पिता को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोपी ने लडक़ी के पिता की गला दबाकर हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान मुकेश कुमार (50) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ के रहने वाले थे। वह फरीदाबाद के सारन चौपाल स्थित ठाकुर मोहल्ला में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। मुकेश एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करते थे और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। मृतक के भतीजे रवि ने बताया कि उनके घर के पास ही करण नाम का युवक अपने परिवार के साथ किराए पर रहता है। जो उनकी बहन को काफी समय से परेशान कर रहा था। वह जबरन रास्ते में रोककर उससे बात करने की कोशिश करता और उसका पीछा करता था। कई बार परिवार और मोहल्ले के लोगों ने उसे समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। बताया गया है कि गुरुवार को भी करण घर के बाहर आकर हंगामा कर रहा था। इस दौरान पड़ोसियों और मुकेश ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गाली-गलौज करने लगा और झगड़ा करने लगा। कहासुनी के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद करण वहां से चला गया। देर शाम करण फिर से आया और मुकेश को बातचीत करने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद मुकेश वापस घर नहीं लौटे। देर रात तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों ने बताया कि उन्हें आखिरी बार करण के साथ जाते हुए देखा गया था। जब परिजन करण के घर पहुंचे और उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने मुकेश की हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने गला दबाकर हत्या की और शव को जंगल में फेंक दिया। इसके बाद परिजन आरोपी को पकडक़र सीधे सारन थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देर रात नंगला से नेकपुर जाने वाले रास्ते पर पडऩे वाले जंगल में तलाश की, जहां से मुकेश का शव बरामद किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार मृतक के भतीजे रवि की शिकायत पर आरोपी करण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।

   

सम्बंधित खबर