फरीदाबाद में आवारा कुत्तों ने पांच साल की बच्ची काे नाेचा, केस दर्ज

फरीदाबाद, 17 मई (हि.स.)। फरीदाबाद में ग्रीनफील्ड कॉलोनी में आवारा कुत्तों के हमले में पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि महिला ने गली के कई आवारा कुत्ते पाल रखे हैं और पहले भी कॉलोनीवासी उसे इस संबंध में समझा चुके थे। पुलिस के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी कपिल ने रविवार को दी शिकायत में बताया कि 15 मई की रात उसकी पांच वर्षीय बेटी लवण्या घर के बाहर गेट के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शैली उर्फ शैलजा विनायक द्वारा पाले गए तीन कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्तों ने बच्ची की कमर और पीठ पर कई जगह काट लिया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां ने किसी तरह उसे कुत्तों से बचाया। घटना के बाद स्वजन बच्ची को बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चार चोटें मिलने की पुष्टि हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने 8 से 10 आवारा कुत्ते पाल रखे हैं और पास के खाली प्लाट पर अवैध कब्जा कर उनका रखरखाव करती है। विरोध करने पर महिला ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी। ग्रीनफील्ड चौकी पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी सामने आएगा कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर