रावतपुर में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस का छापा, चार लोग हिरासत में
- DSS Admin
- May 18, 2026
कानपुर, 17 मई (हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम इलाके में एक मकान में कथित तौर पर चल रही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने रविवार को छापा मारकर एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामला केशवपुरम इलाके का है। मकान कारोबारी आरएम पाण्डेय का है, जिन्होंने करीब तीन महीने पहले इसे दिनेश अग्निहोत्री नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान में देर रात तक युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था। कई बार पुलिस को सूचना भी दी गई, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले लोग वहां से निकल जाते थे।
आज कूड़ा उठाने वाले व्यक्ति ने क्षेत्रीय लोगों को जानकारी दी कि मकान से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री फेंकी जा रही है। इसके बाद स्थानीय लोगों का शक और बढ़ गया। कुछ युवक-युवतियों के मकान में पहुंचने पर लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस ने एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। मौके से बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

