मनरेगा में भर्ती का फ़र्ज़ी विज्ञापन, मंत्री गोगावले ने किया सतर्क
- DSS Admin
- May 17, 2026
मुंबई, 17 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र में महात्मा गांधी नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट गारंटी स्कीम के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती का विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर राज्य सरकार सकते में आ गई है। रोजगार गारंटी योजना विभाग के मंत्री भरत गोगावले ने आम लोगों और बेरोज़गार युवाओं को ऐसे विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है।
इस मामले में मरीन लाइन्स पुलिस स्टेशन में अनजान लोगों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई गई है। रोजगार गारंटी योजना विभाग की ओर से महाराष्ट्र में तुरंत भर्ती! पक्की नौकरी का अच्छा मौका!' ऐसे कंटेंट वाला एक विज्ञापन पूरे राज्य में व्हाट्सएप के ज़रिए वायरल किया गया है। इस विज्ञापन में कहा गया है कि प्रोग्राम टेक्निकल ऑफिसर (पीटीओ), असिस्टेंट प्रोग्राम ऑफिसर (एपीओ) और क्लर्क कम डेस्क ऑफिसर (सीडीओ) के पदों के लिए भर्ती हो रही है। विज्ञापन में पंजीकरण के लिए 1,500 रुपये फीस देने की शर्त है और 58 साल के ठेके पर नौकरी का लालच दिया गया है।
मंत्री भारत गोगावाले ने कहा है कि सरकार की तरफ से ऐसी कोई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इससे जुड़ा विज्ञापन पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला है। सरकार की तरफ से सीधी भर्ती के लिए कोई विज्ञापन नहीं निकाला गया है। खासकर ग्रामीण इलाकों के बेरोजगार युवाओं के बीच पैसे की धोखाधड़ी होने की संभावना है। यह फर्जी विज्ञापन सरकार की इमेज खराब कर रहा है , इसलिए इसमें शामिल अनजान लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए विभाग की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।
---------------

