घाटकोपर में अवैध पार्किंग व नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई
- DSS Admin
- May 18, 2026
मुंबई, 18 मई (हि.स.)। घाटकोपर में बीएमसी और पुलिस ने मिलकर अवैध पार्किंग व नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चलाए गए इस अभियान में मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने खुद मोर्चा संभाला था।
घाटकोपर के सुधा पार्क रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों और बढ़ती गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस और मनपा अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर खड़े कई वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि ऑटो-रिक्शा में खुलेआम शराब पी रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया। साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाली एक दुकान को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। सुधा पार्क क्षेत्र के नागरिकों ने महापौर से इसकी शिकायत की थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से वाहन और ऑटो रिक्शा खड़े किए जाते हैं। इससे राहगीरों को भारी परेशानी होती है। फुटपाथों का उपयोग पार्किंग स्थल की तरह किया जा रहा है। सड़क किनारे खड़े वाहनों की आड़ में असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। महिलाओं से छेड़छाड़, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास पान मसाला तथा नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर भी नागरिकों ने चिंता जताई थी।
इसी दौरान शांतिपथ क्षेत्र में कबूतरों को दाना-पानी दिए जाने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी की शिकायत भी सामने आई। महापौर ने संबंधित स्थान को कबूतर मुक्त बनाकर वहां सफाई और सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। सभी नगरसेवकों से अपने क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं, यातायात और कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।
---------------

