जींद : नकली भारतीय करैंसी सहित एक गिरफ्तार

-आरोपित से 66,500 रुपये की नकली करैंसी बरामद

जींद, 18 मई (हि.स.)। सीआईए स्टाफ सफीदों की टीम ने एक युवक को नकली भारतीय करैंसी सहित गिरफ्तार किया है। युवक के पास से कुल 66,500 रुपये की नकली करैंसी बरामद हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

सीआईए स्टाफ सफीदों ईचांर्ज उप निरीक्षक राधेश्याम ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम गांव हरीगढ़ बस अड्डा क्षेत्र के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक युवक नकली नोट लेकर गांव बागडू खुर्द से सरफाबाद की तरफ जाने वाली सड़क पर किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये अनुसार एक युवक दिखाई दिया। जो पुलिस वाहन को देखकर घबरा कर तेज कदमों से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान गांव सांघी रोहतक निवासी रितेश के रूप में बताई। पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपित की लोअर की दाहिनी जेब से 500-500 रुपये के कुल 133 नकली नोट बरामद हुए। जिनकी कुल कीमत 66,500 रुपये मिली। सदर थाना सफीदों पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित से नकली करेंसी के बारे में पूछताछ कर रही है।

एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति को नकली नोटों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि के संबंध में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

---------------

   

सम्बंधित खबर