राजघाट सिग्नल पर डीटीसी बस के ब्रेक फेल, ड्राइवर की सूझबूझ से टला हादसा
- DSS Admin
- May 18, 2026
नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। मध्य जिले के आईपी एस्टेट इलाके में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब राजघाट ट्रैफिक सिग्नल के पास एक डीटीसी बस के ब्रेक अचानक जवाब दे गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाकर बस को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया, जिससे बस रुक गई और बड़ा हादसा होने से बच गया। राहत की बात यह रही कि बस खाली थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था।
पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए आईपी एस्टेट थाने को मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि डीटीसी बस सराय काले खां से राजघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस में ब्रेक से जुड़ी तकनीकी खराबी आ गई।
पुलिस के मुताबिक जब बस राजघाट ट्रैफिक सिग्नल के पास पहुंची तो चालक को महसूस हुआ कि ब्रेक ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए चालक ने तुरंत बस को डिवाइडर की ओर मोड़ दिया। बस डिवाइडर से टकराकर रुक गई और नियंत्रण में आ गई।
घटना के समय बस में केवल चालक और परिचालक मौजूद थे। दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा।
---------------

