फरीदाबाद : केंद्रीय खेलमंत्री से मिले किक बॉक्सिंग अध्यक्ष

फरीदाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल स्टेडियम के सभागार में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय खेल विधेयक 2024’ पर चर्चा के लिए फरीदाबाद से ‘वाको इंडिया किकबॉक्सिंग महासंघ’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल को आमंत्रित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मण्डविया ने की।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खड़से, खेल सचिव श्रीमती सुजाता चतुर्वेदी, आईएएस.,भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डा. पी. टी. उषा, ओलम्पियन गगन नारंग एवं खेल मंत्रालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त 49 राष्ट्रीय खेल संघों के पदाधिकारी को आमंत्रित किया गया था, जिसमें संतोष कुमार अग्रवाल वहां किकबॉक्सिंग खेल की राष्ट्रीय संस्था का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। संतोष अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री ने भारत में खेलों के विकास के लिए सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों के साथ बैठक कर भारत सरकार की नई खेल नीति के बारे में विस्तार से चर्चा की एवं भारत किस प्रकार खेल विश्व में महाशक्ति बनने और सरकार द्वारा पूरा प्रयास है की वर्ष 2036 भारत में पहली बार ‘ओलंपिक खेलों’ का आयोजन हो सके इसके लिए प्रक्रिया जारी है। किकबॉक्सिंग खेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री से किकबॉक्सिंग खेल के विकास के लिए भी बातचीत हुई और उनको किकबॉक्सिंग खेल की गतिविधि के विषय में अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर