ओल्ड मालदा में दो साल बाद अवैध रूप से भरा गया तालाब फिर हुआ बहाल
- DSS Admin
- May 15, 2026
मालदा, 15 मई (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध कामों और जलाशयों को भरने के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। इसी कड़ी में ओल्ड मालदा के साहापुर स्थित मोड़ग्राम इलाके में करीब दो साल पहले अवैध रूप से भरे गए एक बड़े तालाब को भूमि एवं भूमि सुधार विभाग ने विशेष अभियान चलाकर पुनः बहाल कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगभग दो बीघा जमीन के बीच स्थित इस तालाब को रात के अंधेरे में प्रशासन की नजरों से बचाकर भर दिया गया था। उस समय विरोध के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और अब तालाब को फिर से खोदकर उसका अस्तित्व लौटाया गया।
इस मामले में विभागीय अधिकारी सौमेंद्रनाथ साहा ने शुक्रवार को विस्तृत टिप्पणी से बचते हुए कहा कि कार्रवाई सरकारी नियमों के तहत की गई है और बाकी जानकारी उच्च अधिकारी देंगे।
वहीं, इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा है।
पंचायत समिति की अध्यक्ष रुम्पा राजवंशी ने आरोप लगाया कि पहले कई जलाशयों को अवैध रूप से भरा गया, लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कदम उठाए जाएं।
प्रशासन के इस कदम को इलाके में अहम माना जा रहा है और संकेत हैं कि आगे भी अवैध कब्जों और जलाशय माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

