ढाबे में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग, मची भगदड़

हरिद्वार, 22 जुलाई (हि.स.)। कोतवाली मंगलोर क्षेत्र के आसफ नगर के समीप एक ढाबे में गैस सिलेंडर फटने की वजह से आग लग गई। आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। खाना खा रहे कावड़ यात्री जान बचाकर भागे। बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है।

आसफ नगर के समीप फौजी ढाबा है। यहां पर बीती देर रात के समय बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री भोजन कर रहे थे। इसी बीच ढाबे की रसोई में रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि लोगों में भगदड़ मच गई। उसी समय कई कांवड़ यात्री भोजन छोड़कर यहां से भाग निकले। पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मंगलौर कोतवाली अमर चंद शर्मा ने बताया कि आसफ नगर में एक फौजी ढाबा है। यहां पर देर रात के समय कांवड़ियों की काफी भीड़ थी। इस दौरान कांवड़ियों के लिए खाना बन रहा था। इसी बीच ढाबे की रसोई में अचानक गैस सिलेंडर फट गया। इससे वहां आग भड़क गई और एक जोरदार धमाके के साथ सारा सामान फैल गया। घटना होते ही वहां अफरा तफरी मच गई। ढाबे के कर्मचारी समेत कांवड़ यात्री ढाबे से बाहर निकल आए। आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर