युवा भारती क्रीड़ांगन के सामने से हटाई गई विवादित प्रतिमा
- DSS Admin
- May 23, 2026
कोलकाता, 23 मई (हि.स.)। युव भारती क्रीड़ांगन के सामने लगी विवादित प्रतिमा को राज्य सरकार ने हटा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की परिकल्पना और डिजाइन पर आधारित यह प्रतिमा वर्ष 2017 में अंडर-17 फुटबॉल विश्व कप के दौरान स्थापित की गई थी।
प्रतिमा को लेकर शुरुआत से ही फुटबॉल प्रेमियों और खेल जगत के एक हिस्से में नाराजगी थी। प्रतिमा में कमर से नीचे के हिस्से पर पृथ्वी का आकार बनाया गया था, जिसके ऊपर ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो लगाया गया था। दोनों पैरों के पास फुटबॉल दर्शाई गई थी। इसकी बनावट और प्रतीकात्मकता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे।
राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने हाल ही में इंडियन सुपर लीग का डर्बी मुकाबला देखने के दौरान प्रतिमा हटाने का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि यह एक “अजीब और अर्थहीन” प्रतिमा है, जिसकी कोई आवश्यकता नहीं है। मंत्री ने यह भी टिप्पणी की थी कि प्रतिमा लगाए जाने के बाद से ही पूर्ववर्ती सरकार के खराब दिनों की शुरुआत हुई थी।
हालांकि पूर्व सरकार के कार्यकाल में तीखी आलोचना के बावजूद प्रतिमा को नहीं हटाया गया था, लेकिन नई सरकार ने सत्ता में आने के बाद अब इसे हटाने का फैसला लागू कर दिया।

