गुवाहाटी के फुटपाथी कारोबार में स्थानीय लोगों को मिलेगी प्राथमिकता : भाजपा

गुवाहाटी, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजधानी गुवाहाटी के फुटपाथों पर संचालित खुदरा व्यवसायों को व्यवस्थित कर उनमें खिलंजिया (स्थानीय मूल निवासी) लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के राज्य सरकार के प्रस्तावित कदम का स्वागत किया है।

रविवार को भाजपा के राज्य मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रजेन महंत ने कहा कि एनडीए सरकार असम के खिलंजिया लोगों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने 13 जून को आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में घोषणा की थी कि अगस्त से सितंबर के बीच एक सर्वेक्षण कराया जाएगा, जिसके आधार पर फुटपाथों पर संचालित दुकानों का सत्यापन किया जाएगा।

महंत ने कहा कि गुवाहाटी में बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से फुटपाथों पर व्यवसाय कर रहे हैं। उनके अनुसार, इनमें बड़ी संख्या बाहरी और गैर-स्थानीय लोगों की है, जो बिना किसी नियमन के कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल कर राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि शहर के बुनियादी ढांचे पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अनियंत्रित ढंग से फुटपाथों पर दुकानें लगाए जाने से यातायात जाम, सार्वजनिक आवागमन में बाधा तथा नालियों के अवरुद्ध होने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में सर्वेक्षण के माध्यम से इन व्यवसायों को एक व्यवस्थित ढांचे में लाने और स्थानीय लोगों के लिए व्यापारिक अवसर सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई उस घोषणा का भी उल्लेख किया, जिसमें फुटपाथी कारोबारियों को नव-निर्मित फ्लाईओवरों के नीचे तथा प्रशासन द्वारा चिन्हित अन्य स्थानों पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवसायों में खिलंजिया लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

महंत ने असम मंत्रिमंडल द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए आधार नामांकन को कड़े सत्यापन के दायरे में लाने के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने इसे राज्य की सुरक्षा, जनसांख्यिकीय संतुलन और खिलंजिया लोगों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार असम के खिलंजिया समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में भविष्य में भी आवश्यक नीतिगत कदम उठाती रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा के अन्य प्रवक्ता बनेन्द्र कुमार मुसाहारी और प्रांजल कलिता भी उपस्थित थे।

--------

   

सम्बंधित खबर