नौकरानी के रूप में सक्रिय महिला लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश, रीना बेगम गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
गुवाहाटी, 19 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी शहर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। नूनमाटी थाना की सीजीपीडी टीम ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए निजारापार की रहने वाली रीना बेगम और बापूजी नगर के दीपज्योति दास को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रीना बेगम एक एनजीओ “जीविका एम्प्लॉयमेंट सर्विसेज” के माध्यम से घरों में काम करती थी। पूछताछ के दौरान उसने अपने नियोक्ता के घर में एक जोड़ी कान की बाली, तीन सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन रखने की बात स्वीकार की। जिसे बरामद किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने उसके नियोक्ता दीपज्योति दास के पास से एक लाख 91 हजार 500 रुपये बरामद किए। दीपज्योति ने स्वीकार किया कि यह रकम चोरी की गई सोने की चेन के बदले में दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि रीना बेगम फर्जी नाम और पते का इस्तेमाल कर गुवाहाटी में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नूनमाटी, फैंसी बाजार और बीरूबाड़ी इलाके में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिलाओं के जरिए नकदी और लाखों रुपये के सोने के गहनों की चोरी की कई घटनाएं हुई हैं।
पुलिस को संदेह है कि शहर में भिन्न-भिन्न इलाकों में सक्रिय महिला चोरों का एक बड़ा गिरोह फर्जी पहचान के सहारे घरों में प्रवेश कर वारदातों को अंजाम दे रहा है। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
-------------

