अपडेट--गुरुग्राम में पत्नी व बेटे का हत्यारोपी सिक्योरिटी ऑफिसर गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 07, 2026

मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर और 14 खाली कारतूस बरामदपुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया गुरुग्राम, 07 जून ।यहां सेक्टर-5 क्षेत्र के अशोक विहार फेज-3 में घरेलू विवाद के चलते सिक्योरिटी ऑफिसर ने अपनी प्रिंसिपल पत्नी और जवान बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।जानकारी के अनुसार सेक्टर-5 थाना पुलिस को शनिवार की देर रात सूचना मिली कि अशोक विहार फेज-3 में एक व्यक्ति ने पत्नी और बेटे को गोली मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पड़ोसियों द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का फिंगरप्रिंट और सीन ऑफ क्राइम टीम से निरीक्षण कराया। वारदात में प्रयोग की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर व 14 खाली कारतूस को कब्जे में लिया गया। वहीं मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस को दी शिकायत में सिक्योरिटी ऑफिसर की बेटी ने बताया कि वह अपने मायके में आई हुई थी। शनिवार की रात करीब 11 बजे उसके पिता अनिल तंवर (56) और मां आशा (52) घर की तीसरी मंजिल पर सोने चले गए थे। कुछ देर बाद माता-पिता के झगडऩे की आवाज आई। वह तीसरी मंजिल पर पहुंची तो पिता मां के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान भाई प्रशांत (27) भी आ गया और पिता को समझाने लगा। तभी उसके पिता अनिल अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर ले आया और आशा व प्रशांत पर फायरिंग कर दी।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी एक सिक्योरिटी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। आशा रानी एक निजी स्कूल चलाती थी। उसी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थी। प्रशांत अपनी मां आशा रानी के साथ स्कूल के प्रबंधन एवं संचालन का कार्य संभालता था। परिवार में काफी समय से पारिवारिक मतभेद व घरेलू विवाद चल रहा था। शनिवार की देर रात को पत्नी के साथ हुए झगड़े के दौरान उसका पुत्र भी बीच-बचाव करने के लिए आ गया। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी व पुत्र पर फायरिंग कर दी। सेक्टर-5 थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवान ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात में प्रयोग की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर व 14 खाली कारतूस को घटनास्थल से कब्जा में लिया है।
---------------

