केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई को दवा दुकानें रहेंगी बंद
- DSS Admin
- May 17, 2026
अररिया 17 मई(हि.स.)। ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉरपोरेट कंपनियों की भारी छूट नीति और नकली दवाओं के कारोबार के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई को सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह बंदी 19 मई की मध्य रात्रि 12 बजे से शुरू होकर 20 मई की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
फारबिसगंज स्थित श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के स्थानीय शाखा की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से बिना समुचित निगरानी और जांच के दवाओं की बिक्री आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म नियमों की शिथिलता का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर दवाओं का कारोबार कर रहे हैं, जबकि स्थानीय दवा दुकानदारों को सरकार के निर्धारित सभी नियमों और मानकों का कड़ाई से पालन करना पड़ता है।
पदाधिकारियों ने कहा कि बड़े कॉरपोरेट घराने और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर बाजार में असमान प्रतिस्पर्धा पैदा कर रहे हैं। इससे छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यवसायियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित छोटी दवा दुकानों पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दवाओं का मूल्य और मुनाफा सरकार द्वारा निर्धारित होता है, इसके बावजूद बड़े प्लेटफॉर्म मनमाने तरीके से डिस्काउंट देकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
एसोसिएशन ने नकली, नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की कि नकली एवं नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा ऑनलाइन दवा बिक्री के लिए कड़े नियम बनाए जाएं।
आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद अध्यक्ष अवधेश कुमार साह ने कहा कि उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण दवा उपलब्ध कराना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि 20 मई की हड़ताल को लेकर जिले के सभी दवा दुकानदार पूरी तरह एकजुट हैं और बंदी को सफल बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

