देवरिया में टीजीटी परीक्षा शुरू, 11 केंद्रों पर 12,510 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

देवरिया, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा बुधवार से जिले में शुरू हो गई। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 12,510 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा चार पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिले में परीक्षा के लिए कुल 11 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए ताकि परीक्षा निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ केंद्रों पर पहुंचने लगी। निर्धारित समय से पहले अभ्यर्थियों की जांच कर उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।

------------

   

सम्बंधित खबर