देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर पर
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स)। आर्थिक र्मोचे पर झटका लगने वाली खबर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 26 जून को समाप्त हफ्ते में 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि स्वर्ण भंडार और विदेशी मुद्रा आस्तियों में गिरावट के कारण विदेशी मुद्रा भंडार 26 जून को समाप्त हफ्ते में 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर रह गया।
आंकड़ों के मुताबिक 26 जून को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 15 करोड़ डॉलर घटकर 541.07 अरब डॉलर रह गईं। इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 5.39 अरब डॉलर घटकर 102.54 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 8.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.56 अरब डॉलर रह गया।
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत का आरक्षित कोष भी 2.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.77 अरब डॉलर रह गया। पश्चिम एशिया संकट से पहले 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
---------------

