जन्मदिन पर पूजा-अर्चना करने तनोट पहुंचीं पूर्व सीएम राजे
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

जैसलमेर, 8 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को अपना जन्मदिन जैसलमेर में मना रही हैं। अपने जन्मदिन से एक दिन पहले शुक्रवार को ही वे जैसलमेर पहुंच गईं। वहां से सड़क मार्ग से सीधे तनोट गईं और शाम की आरती में शामिल हुईं। रात तनोट में ही विश्राम किया।
शनिवार सुबह अपने जन्मदिन के मौके पर तनोट माता मंदिर में विशेष पूजा अर्चना के बाद यज्ञ हवन का आयोजन किया गया। यज्ञ हवन में पूर्व सीएम के साथ जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी समेत कई नेता मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री राजे का पहले शनिवार को जैसलमेर आकर तनोट जाने का कार्यक्रम था। लेकिन इसमें बदलाव कर वे शुक्रवार को ही जैसलमेर और तनोट पहुंच गईं। वे यज्ञ-हवन के बाद जैसलमेर लौटेंगी। वे यहां भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। इसके बाद जैसलमेर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
शुक्रवार शाम को पूर्व सीएम राजे के तनोट माता मंदिर पहुंचने पर बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर बीएसएफ नॉर्थ के डीआईजी योगेंद्र सिंह राठाैड़ भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित