बीएचयू सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व डीन प्रो. कौशल किशोर मिश्र नहीं रहे

फाइल फोटो

-सोशल मीडिया पर शोक संवेदना का लगा तांता, आवास पर भाजपा के दिग्गज नेता शोक जताने पहुंचे

वाराणसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व डीन और भाजपा के दिग्गज नेता प्रो. कौशल किशोर मिश्र (67)का गुरुवार को निधन हो गया। प्रो. मिश्र निमोनिया बीमारी से पीड़ित होने पर सर सुंदर लाल चिकित्सालय के आईसीयू में पिछले कई दिनों से भर्ती थे। प्रो. मिश्र के निधन की जानकारी पाते ही बीएचयू और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ शहर के अध्याप​क, पत्रकार, विभिन्न दलों के नेता उनके आवास पर शोक संवेदना जताने के लिए पहुंच गए। आवास पर प्रदेश के पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और कैंट भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भाजपा का झंडा प्रो. मिश्र के पार्थिव शरीर पर ओढ़ाया और अन्तिम प्रणाम किया। आवास पर महापौर अशोक तिवारी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, बीएचयू सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष आदि ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर शोक जताया।

मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी प्रो. कौशल किशोर मिश्र का जन्म 1 मई, 1957 को हुआ था। वर्ष 1977 में उन्होंने बीएचयू से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया था। प्रो. मिश्रा काशी की मशहूर अस्सी की अड़ी के लिए काफी मशहूर थे। सोशल मीडिया पर वह बनारसी अंदाज में भाजपा के पक्ष में लिखने के साथ विरोधी दलों के नेताओं को सीधे निशाने पर लेते थे। छात्र जीवन से ही प्रो. मिश्र का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव और लगाव था। वह संघ की शाखाओं में निरंतर जाते रहते थे। बीएचयू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विरोध प्रदर्शन में भाग लेते थे। वह बीएचयू पं. दीन दयाल उपाध्याय शोध केन्द्र के निदेशक, माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड के सदस्य भी रहे।

राष्ट्रीय चिंतन को बढ़ावा देने के साथ उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखीं थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रशंसक प्रो. मिश्र ने लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें वाराणसी के मशहूर अस्सी अड़ी पप्पू चाय वाले की दुकान पर बुलवाने के लिए पहल किया था। प्रो. मिश्र ने प्रधानमंत्री मोदी को खास बनारसी जीवन शैली के बारे में भी जानकारी दी थी। बीएचयू के सामाजिक संकाय विभाग के अंतर्गत आने वाले समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में सामाजिक विज्ञान संकाय के प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्रा ने छात्रों को गोबर के उपले बनाने की ट्रेनिंग दी थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ। लोगों ने इसके लिए उन्हें सोशल मीडिया में खूब ट्रोल किया था। इस वर्ष होली पर उन्होंने गोबर पर लेट कर होली मनाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर