आरामबाग में बम बरामदगी मामले में चार गिरफ्तार, अदालत में पेश
- DSS Admin
- May 22, 2026
हुगली, 22 मई (हि. स.)। आरामबाग में अलग-अलग स्थानों से बम बरामद होने की घटनाओं में पुलिस ने विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सभी आरोपितों को आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरामबाग के 11 नंबर वार्ड स्थित आमतला इलाके में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से बम बरामद होने के मामले में शेख मोहम्मद इमरान को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया है कि वह तिरोल ग्राम पंचायत का सदस्य है। पुलिस ने उसे गुरुवार रात आरामबाग के डोंगाबाथान इलाके से गिरफ्तार किया।
वहीं, आरामबाग के कालीपुर इलाके में बम बरामदगी के मामले में तृणमूल नेता मीर चंचल समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच के तहत आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बम किस उद्देश्य से जमा किए गए थे।
शुक्रवार को अदालत ले जाते समय पत्रकारों से बातचीत में मीर चंचल ने दावा किया कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। हालांकि उन्होंने न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताया।
---------------

