फरीदाबाद में टेलीग्राम टास्क के नाम पर चार लाख ठगे

बीएससी स्टूडेंट कमीशन के लिए बेचता था अकाउंट, एक गिरफ्तार

फरीदाबाद, 1 मई (हि.स.)। फरीदाबाद जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। फ्रेंड्स कॉलोनी के एक व्यक्ति को पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 4.06 लाख रुपए की चपत लगा दी गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक जालसाज को काबू कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके। जानकारी के अनुसार पीडि़त को 27 मार्च को पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया था। ठगों ने उसे टेलीग्राम पर जुडऩे को कहा और गूगल मैप रेटिंग का टास्क दिया। इसके बाद पेड टास्क के जरिए ज्यादा कमाई का लालच दिया। पीडि़त ने ठगों के खाते में 4 लाख 06 हजार 500 रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन उसे एक भी रुपया वापस नहीं मिला। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने राजस्थान के दौसा से 20 वर्षीय दिनेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बीएससी का स्टूडेंट है। उसने अपना बैंक खाता कमीशन के लालच में कल्पेश को बेच दिया था। कल्पेश ने यह खाता मनोज को और मनोज ने महेंद्र को बेच दिया। इस खाते में ठगी के 1.44 लाख रुपए आए थे। पुलिस ने मामले में अब तक दिनेश समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिनेश को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर