जींद : फर्जी लोन एप व वेबसाइट के जरिये ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार

पुलिस गिरफ्त में आरोपित।


जींद, 03 जुलाई । फर्जी लोन एप व वेबसाइट के जरिये लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोपित को सीआईए स्टाफ पुलिस ने काबू किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर आठ निवासी रिषभ ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें सस्ती दरों पर लोन देने की बात कही गई थी। उसने जब इस मैसेज पर क्लिक किया तो एक वेबसाइट खुल गई। इसके बाद उसके पास फोन काल आई और उसे सस्ती दरों पर लोन देने की बात कही गई। साइबर ठगों ने बताया कि उसका पुराना लोन बंद करना पड़ेगा। इसके बाद ही उसे नया लोन दिया जा सकेगा।

पुराने लोन को बंद करने के बहाने आरोपितों ने रिषभ से 24 हजार 255 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद उससे और पैसे की मांग की जाने लगी। जब उसने दोबारा आरोपितों की बताई गई वेबसाइट खोली तो उसे वह फर्जी लगी। बाद में उसे पता चला कि जिस वेबसाइट के माध्यम से आरोपित उसे लोन देने की बात कह रहे हैं, वह फर्जी है। इसकी वास्तविक वेबसाइट अलग है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने रिषभ की शिकायत पर छह मई को अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच सीआईए को सौंपी गई। सीआइए टीम ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर जब जांच की तो इसमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के गांव राजवान निवासी हेमंत का नाम सामने आया। जोकि इस समय अलीगढ़ की डिफेंस कालोनी में रहता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमंत को उसके ठिकाने से काबू कर लिया। पुलिस हेमंत से फर्जीवाड़े के बारे में पूछताछ कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर