ईंधन मूल्य वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, लोगों को बांटी चॉकलेट
- DSS Admin
- May 31, 2026


खड़गपुर, 31 मई (हि. स.)। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को खड़गपुर शहर युवा कांग्रेस की ओर से इंदा मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आम लोगों और ईंधन उपभोक्ताओं को चॉकलेट वितरित कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध जताया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। महंगाई के कारण जनता आर्थिक दबाव झेल रही है, जबकि सरकार इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने पहुंचे लोगों को चॉकलेट देकर उनका ध्यान आकर्षित किया गया तथा बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनमत तैयार करने का प्रयास किया गया। इस अनूठे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे। कार्यक्रम में खड़गपुर नगर पालिका की पार्षद अपर्णा घोष और पारामिता घोष, खड़गपुर शहर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित शर्मा, पश्चिम मेदिनीपुर जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी, पश्चिम मेदिनीपुर जिला आईएनटीयूसी के अध्यक्ष कमल किशोर खन्ना, जिला अल्पसंख्यक प्रभारी सोहेल राजा, जिला कांग्रेस सचिव छोटन सेन तथा खड़गपुर छात्र परिषद के अध्यक्ष राहुल सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खड़गपुर शहर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित शर्मा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की, बढ़ती कीमतों से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
---------------

