गडकरी ने मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को यहां राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की समीक्षा की। उन्होंने बैठक की अध्यक्षता करते हुए देशभर में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशनों और वे-साइड सुविधाओं की परियोजना-स्तरीय प्रगति का आकलन किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को भविष्य के लिए तैयार एकीकृत परिवहन तंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए इनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान गडकरी ने कहा कि ये परिवर्तनकारी परियोजनाएं देश में बहु-माध्यमीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, नए आर्थिक अवसर सृजित करेंगी, संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगी और भारत की लॉजिस्टिक्स प्रतिस्पर्धात्मकता को नई मजबूती प्रदान करेंगी। आधुनिक और एकीकृत परिवहन नेटवर्क विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की दक्षता बढ़ेगी, माल परिवहन की लागत कम होगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों और बाधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और परियोजनाओं के निष्पादन में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जा सकें।
---------------

