गेट(GATE) परीक्षा में बुवि के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 21, 2026
16 विद्यार्थियों ने पाई सफलता, कई छात्रों को आईआईटी में एमटेक प्रवेश के ऑफर
झांसी, 21 मई (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अभियान्त्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्यार्थियों ने इस वर्ष आयोजित GATE परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। संस्थान की सभी छह शाखाओं से कुल 16 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें सर्वाधिक नौ छात्र बायोटेक्नोलॉजी शाखा से चयनित हुए हैं।
संस्थान के एकेडमिक कोआर्डिनेटर डॉ. ब्रजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि सफल विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में एमटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑफर लेटर भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान के बेहतर शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
डॉ. शुक्ल ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति मुकेश पाण्डेय के नेतृत्व और निरंतर प्रोत्साहन से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिले हैं। साथ ही संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि सफल विद्यार्थियों के बीटेक अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं, जिससे एमटेक में प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
इस उपलब्धि पर संस्थान प्रशासन और प्राध्यापकों ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।

