राज्यपाल ने ‘चलो हिमाचल’ अभियान का पोस्टर किया जारी

शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को राजभवन स्थित लोकभवन में गोविंद सागर एडवेंचर एंड वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के ‘चलो हिमाचल’ अभियान का पोस्टर जारी किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख जलाशयों और झीलों में साहसिक पर्यटन तथा वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इस दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट भी की।

पोस्टर जारी करने के बाद राज्यपाल ने एसोसिएशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को साहसिक पर्यटन और ईको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और राज्य की प्राकृतिक सुंदरता तथा साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने वाली पहल से अधिक पर्यटक आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश और विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा पर्यटन स्थली बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के अभियान प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने में मदद करेंगे।

इस अवसर पर एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य ईशान अख्तर ने राज्यपाल को ‘चलो बिलासपुर, चलो हिमाचल’ अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से बिलासपुर जिले की गोविंद सागर झील और कोल डैम, कांगड़ा जिले के पौंग डैम तथा चंबा जिले के चमेरा डैम में विभिन्न साहसिक खेल गतिविधियों के आयोजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रमों में वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप, पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं, कार और मोटरसाइकिल रेसिंग चैंपियनशिप तथा बिलासपुर से भाखड़ा बांध तक करीब 50 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय ओपन वाटर स्विमिंग चैंपियनशिप आयोजित करने की योजना शामिल है।

उनके अनुसार इन आयोजनों से हिमाचल प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य ईशान अख्तर और कार्यकारी सदस्य बिलाल अहमद शाह ने राज्यपाल को सम्मानित भी किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर