मालदा, 03 जून (हि.स.)। जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात सुल्तान नगर ग्राम पंचायत के शरणपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में इंटेलिजेंस ब्रांच में कार्यरत सिविक वालंटियर उमर फारूक शामिल है। इसके अलावा बिहार के अहमदाबाद निवासी राजू कुमार शर्मा और हरिश्चंद्रपुर के बारदुआरी इलाके के रहने वाले अंकित कुमार शर्मा को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिविक वालंटियर उमर फारूक के घर से ही इस फर्जी आधार कार्ड बनाने के रैकेट का संचालन किया जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि उमर फारूक की पत्नी फरहाना रहमानी सुल्तान नगर ग्राम पंचायत की तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सदस्य रह चुकी है। तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में फर्जी आधार कार्ड, कंप्यूटर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल इन कार्डों को तैयार करने में किया जाता था।
प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह फर्जी आधार कार्ड बनाकर बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ में मदद करता था। जानकारी के मुताबिक, इस काम के लिए बिहार के एक युवक के लॉग-इन आईडी का इस्तेमाल किया जा रहा था। वह आईडी आरोपितों के पास कैसे पहुंची, इसकी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को बुधवार अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

