इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत, पीएचसी में मृत घोषित हुआ युवक

मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के कुशहां गांव में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कुशहां गांव निवासी अजीत कुमार बिंद (35) पुत्र सीताराम बिंद की बुधवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन इलाज के लिए उन्हें गांव के पास कुशहां चौराहे स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ले गए। मृतक के पिता सीताराम बिंद का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने दवा देने के बजाय इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद अजीत की हालत तेजी से बिगड़ने लगी।

स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से अजीत को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रत्नाकर मिश्रा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार मरीज की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक रामवचन यादव मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और विवाहित था। उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

   

सम्बंधित खबर