पूर्वी चंपारण,19 मई (हि.स.)।मोतिहारी शहर में पुलिस हिरासत से एक गांजा तस्कर के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। फरार आरोपित सोमवार को 32 किलो गांजा के साथ हरैया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था,जिसे एक पुलिस अधिकारी व दो सिपाही सरकारी वाहन से लेकर कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे।इसी दौरान मोतिहारी शहर केचांदमारी चौक पर लगी भीषण जाम का फायदा उठाकर वह हथकड़ी समेत फरार हो गया।
फरार आरोपित कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरहरवा गांव निवासी मंटू कुमार है।
उल्लेखनीय है,कि शहर के चांदमारी चौक पर ओवरब्रिज निर्माण के कारण इन दिनो भारी जाम लग रहा है। इसी दौरान आरोपित पुलिस को चकमा देकर वाहन से उतरकर फरार हो गया।आरोपित के फरार होने की सूचना मिलते ही नगर थाना और हरैया थाना की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ आरोपी के गांव और संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी है।
हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान व पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीम लगी है। चांदमारी चौक के अलावे मोतिहारी शहर के अन्य जगहो के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया जायेगा।
---------------

