गुवाहाटी, 04 जुलाई, (हि.स.) । राइजर दल के अध्यक्ष एवं विधायक अखिल गोगोई ने शनिवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें अपनी कथित अहंकारी और जिद्दी कार्यशैली छोड़नी होगी। उन्होंने दावा किया कि गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य सुरक्षित नहीं है।
अखिल गोगोई ने कहा कि यदि गौरव गोगोई अपनी अड़ियल सोच नहीं बदलते हैं तो वह कांग्रेस के भविष्य को नहीं बचा पाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गौरव गोगोई फिलहाल केवल मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते रहें।
राइजर दल के अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि यदि उनकी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया होता तो विधानसभा चुनाव में पांच से छह सीटें जीत सकती थी और राज्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल का दर्जा हासिल कर लेती।
अखिल गोगोई ने कहा कि उनकी पार्टी अब पहले की तरह कांग्रेस की खुशामद नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2031 के विधानसभा चुनाव में राइजर दल या तो सरकार बनाएगा या फिर राज्य की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरेगा।
-----------

