गौरव गोगोई ने डॉ. सरमा पर लगाया पुलिस के दुरुपयोग का आरोप

गुवाहाटी, 15 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आज असम सरकार पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने यह बयान कांग्रेस प्रवक्ता रीतम सिंह की गिरफ्तारी के बाद दिया, जिन्हें आज सुबह हिरासत में लिया गया।

गोगोई ने रीतम सिंह के घर का दौरा किया और आरोप लगाया कि उन्हें बर्बर तरीके से घसीटकर ले जाया गया और उनसे मिलने तक नहीं दिया गया। उन्होंने इस गिरफ्तारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की असम यात्रा से जोड़ा, जहां शाह ने देरगांव में एक पुलिस अकादमी का उद्घाटन किया है।

गोगोई ने सवाल उठाया कि क्या अमित शाह को असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में पुलिस के कथित दुरुपयोग की जानकारी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले रूपही में भाजपा समर्थकों ने दो असम पुलिस कांस्टेबलों की सरेआम पिटाई की, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरमा राज्य पुलिस को अवैध गतिविधियों में धकेल रहे हैं, जिससे कानूनी प्रक्रियाओं और हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण पुलिस अधिकारियों के करियर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

गोगोई ने सवाल किया, गृह मंत्री अमित शाह असम में पुलिस अकादमी का उद्घाटन कर रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें पता है कि यहां पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है? क्या उन्हें पता है कि भाजपा के कथित गुंडों ने दिनदहाड़े दो कांस्टेबलों की पिटाई की और वे अब भी खुलेआम घूम रहे हैं?

उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राजनीतिक उद्देश्यों के लिए पुलिस को गलत कार्यों में धकेल रहे हैं, जिससे पुलिस की छवि खराब हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर