धमतरी जिले के 10 हजार घरों में एक साथ होगा गायत्री महायज्ञ
- Admin Admin
- May 06, 2025

धमतरी, 6 मई (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अनीति एवं अनिष्ट निवारण के साथ विश्व कल्याण के लिए गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ एवं उपासना कार्यक्रम होगा। यह कार्यक्रम बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 11 एवं 12 मई को किया जाएगा। आयोजन की तैयारी में गायत्री परिजन जुटे हुए हैं।
इस वर्ष धमतरी जिले के पांचों विकास खंड धमतरी, कुरुद, मगर लोड, नगरी एवं भखारा ब्लाक के 10 हजार घरों में यज्ञ कराने का लक्ष्य रखा गया है। जिला समन्वयक दिलीप नाग ने इस अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुदेव का यह अभियान सन 2018 से चलाया जा रहा है और 2026 तक चलाया जाएगा। अभी तक धमतरी जिले में 51 हजार से अधिक परिवारों में यज्ञ संपन्न कराया जा चुका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गुरुदेव के युग निर्माण योजना एवं विचार क्रांति अभियान के संदेश को घर घर पहुंचाना है। साथ में नशा मुक्त समाज एवं संस्कारवान परिवार की स्थापना करना है। जिससे लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं शांति के साथ खुशहाली आये।
अभियान को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रत्येक ब्लाक को दो हजार परिवारों में एवं प्रत्येक इकाई को दो सौ परिवारों में यज्ञ कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसे पूरा करने जिले भर के पांच सौ से अधिक आचार्य गण एवं उनके सहयोगी भाई बहन जुटे हैं। सभी भाई-बहन शांतिकुंज हरिद्वार से प्रशिक्षित हैं। प्रत्येक गायत्री परिजन अपने अपने घरों में अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुबह छह बजे यज्ञ कर अभियान की शुरुआत करेंगे। गायत्री परिवार के कार्यकर्ता अपने दिये गये लक्ष्य को पूरा करने अपने वार्ड, गांव, एवं क्षेत्रों में घर घर पहुंच कर सर्वे सूची बनाने, आवश्यक व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। इस अभियान को लेकर गायत्री परिजनों में जबरदस्त उत्साह है। जिला समन्वयक दिलीप नाग ने जिले के सभी परिजनों को गुरुदेव के इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा