पानीपत: गीता यूनिवर्सिटी में हुआ दीक्षांत समारोह में 454 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
- Admin Admin
- Mar 22, 2025

पानीपत, 22 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि विद्यार्थियों के कंधों पर देश की तकदीर टिकी हुई है। ढांडा ने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे डिग्री लेने से पहले देशहित में काम करने का संकल्प लें। वे शनिवार काे यहां गीता यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
महिपाल ढांडा ने कहा कि भारत पहले भी विश्व गुरु था। नालंदा और तक्षशिला जैसी विश्वविद्यालयों में दुनियाभर से छात्र पढ़ने आते थे। उन्होंने बताया कि कुछ स्वार्थी लोगों की वजह से देश पीछे रह गया, लेकिन वर्तमान सरकार देशहित में सबको साथ लेकर चल रही है। मंत्री ने बताया कि भारत की जीडीपी अब 7% तक पहुंच गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी तरह के प्रयासों से 2047 तक भारत फिर से विश्व गुरु बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज हर देश भारत की ओर देख रहा है क्योंकि भारत में क्षमताओं की कमी नहीं है। यूनिवर्सिटी के कुलपति सतपाल बंसल ने कहा कि आज भारत शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठतम शिक्षा के रूप में उभर कर आ रहा है । आज भारत के विद्यार्थी पूरे विश्व में आधुनिकता के हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रहे है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरू ने भी शिक्षा को बढ़ावा देने की अहमियत पर जोर दिया। दीक्षांत समारोह में स्नातक व परास्नातक की 454 विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने डिग्रियां बांटी इस मौके पर उप कुलपति डॉ. विक्रम, डॉ. गुलशन चौहान, निशांत सिंह बंसल, अंकुश बंसल और डॉ. विकास सिंह भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा