राज्यपाल देवव्रत ने ‘जनगणना-2027’ के तहत ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की
- DSS Admin
- May 18, 2026
गांधीनगर, 18 मई (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सोमवार को गांधीनगर स्थित लोकभवन से ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से “जनगणना-2027” के तहत स्व-गणना प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।
इस अवसर पर राज्य जनगणना संचालन निदेशक सुजल मयात्रा ने आज राज्यपाल देवव्रत से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें इस बार की पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित जनगणना प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी दी।
राज्यपाल देवव्रत ने इस राष्ट्रीय महाअभियान की सराहना करते हुए राज्य के नागरिकों से इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने की भावपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ रहा है। देश के इतिहास में पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से वेब पोर्टल और मोबाइल आधारित की जा रही है, जो नागरिकों के लिए सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक है। उन्होंने कहा कि विकसित और समावेशी भारत के निर्माण के लिए सटीक और समय पर जानकारी बेहद आवश्यक है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ही इस महाअभियान को सफल बनाएगी।
उल्लेखनीय है कि “जनगणना-2027” में पहली बार नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के लिए ‘स्व-गणना’ व्यवस्था शुरू की गई है। गुजरात में यह सुविधा 31 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी, जहां नागरिक निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी 1 जून से 30 जून 2026 तक राज्यभर में एक लाख से अधिक जनगणना कर्मियों द्वारा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा।
---------------

