फतेहाबाद :अध्यापक ने तीन गुणा करने के चक्कर में लाखों गवाये

फतेहाबाद, 5 फरवरी (हि.स.)। तीन गुणा पैसे कमाने के लालच में एक टीचर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसे बातों में फंसाकर उससे 2 लाख 70 हजार रुपये हड़प लिए। इस बारे में पीड़ित टीचर ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद बुधवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव करनौली निवासी विक्रमपाल ने कहा है कि वह अध्यापक है और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। कुछ दिन पहले जब वह फोन चला रहा था तो उसने गुगल पर टास्क ग्रुप के बारे में लिंक देखा। इसके बाद उसने यह ग्रुप ज्वाइन कर लिया। करीब 40 दिन तक वह ग्रुप को देखता रहा। इसके बाद उसके व्हाटसएप पर एक बैंक खाता नंबर आया। उसने अपने एसबीआई के खाते से उस अकाउंट में 1 लाख 94 हजार 400 रुपे भेज दिए। इसके बाद उसे एक और बैंक अकाउंट भेजा गया। इस पर उसने उक्त अकाउंट में 75 हजार 600 रुपये भेज दिए। इस तरह उसने कुल 2 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। करीब 20 दिन बाद जब उसने टास्क ग्रुप में लगाए 2 लाख 70 हजार रुपये निकालने की कोशिश की तो यह रुपये नहीं निकले। इस पर उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला। इस पर उसने इस बारे में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अब अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

   

सम्बंधित खबर