कुवैत-बहरीन पर हमलों को लेकर जीसीसी का ईरान पर हमला, क्षेत्रीय सुरक्षा पर जताई चिंता
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
रियाद, 03 जून (हि.स.)। खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने कुवैत और बहरीन को निशाना बनाकर किए गए कथित हमलों की कड़ी निंदा करते हुए ईरान पर क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ाने का आरोप लगाया है। संगठन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और शांति के लिए गंभीर चुनौती हैं।
खाड़ी सहयोग परिषद के महासचिव जासेम मोहम्मद अल्बुदैवी ने कहा कि कुवैत और बहरीन पर हुए हमले न केवल चिंताजनक हैं, बल्कि क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाले कदम भी हैं। उन्होंने इन घटनाओं को कायराना कार्रवाई बताते हुए कहा कि इससे पश्चिम एशिया में पहले से मौजूद तनाव और बढ़ सकता है।
अलबुदैवी ने आरोप लगाया कि ईरान लगातार ऐसे कदम उठा रहा है जो खाड़ी देशों की संप्रभुता, स्थिरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं। उनके अनुसार, हालिया घटनाएं अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और वैश्विक मानदंडों की भावना के विपरीत हैं।
जीसीसी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी इस मुद्दे पर गंभीर रुख अपनाने की अपील की। संगठन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे हमलों के खिलाफ स्पष्ट और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।
संगठन ने अपने बयान में यह भी दोहराया कि बहरीन और कुवैत की सुरक्षा पूरे खाड़ी क्षेत्र की सामूहिक सुरक्षा से जुड़ी हुई है। इसलिए जीसीसी के सभी सदस्य देश दोनों देशों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
-----------------------

